मोहम्मदाबाद। धांधली के आरोप में एफआईआर का आदेश होते ही गेहूं खरीद केंद्र पर शनिवार को सुबह से ही तौल शुरू हो गई। पूरे दिन में आठ ट्रैक्टर ट्रालियों में लदे गेहूं को तौला जा सका। इससे किसानों ने कुछ राहत की सांस ली। कार्रवाई होने से बिचौलियों भी केंद्र पर नजर नहीं आए।
मोहम्मदाबाद नवीन मंडी स्थल में खाद एवं रसद विभाग के केंद्र पर शनिवार को किसानों के गेहूं की तौल करने में तेजी आ गई। विपणन निरीक्षक प्रदीप कुमार ने केंद्र परिसर में किसानों की गेहूं लदी खड़ी 14 ट्रैक्टर ट्राली के गेहूं की तौल सुबह से शुरू कराई। शाम तक आठ ट्रैक्टर ट्राली के गेहूं की तौल हो सकी। छह ट्रैक्टर ट्राली का गेहूं नहीं तौला जा सका। सहायक विपणन अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि छह ट्रैक्टर ट्राली के गेहूं की तौल नहीं हो पाई है। इससे रविवार को छह ट्रैक्टर ट्राली पर लदे गेहूं की तौल कराई जाएगी। मौधा निवासी रामबरन चौहान ने बताया कि आज सुबह ट्राली लेकर आए थे लेकिन अभी तक ट्राली नहीं तुल पाई है। कल आने के लिए कहा गया है।
किसान बोले
मोहम्मदाबाद निवासी आनंद ने बताया कि 26 मई को ट्राली लेकर आए थे। अभी तक तौल नहीं हो पाई है। देखो कब नंबर आता है। गांव नहरैया निवासी नीलू 27 मई को ट्राली लेकर आए थे। अभी तक ट्राली की तौल नहीं हो पाई है। आज भी मना कर दिया है कि रविवार को आना तब तौल होगी।
बारदाना समाप्त होने से गेहूं की खरीद हुई बंद
नवाबगंज प्रतिनिधि के अनुसार बाबू सिंह डिग्री कॉलेज में बने गेहूं क्रय केंद्र पर शनिवार दोपहर बारदाना समाप्त हो गया। इससे किसानों के गेहूं की खरीद बंद हो गई। केंद्र प्रभारी ने बारदाना की मांग की है। बाबू सिंह डिग्री कॉलेज बवना रोड पर गेहूं क्रय केंद्र बना है। यहां शनिवार सुबह किसान ट्रैक्टर ट्राली से गेहूं की तौल कराने पहुंचे। दोपहर तक किसानों के गेहूं की तौल की गई। दोपहर करीब एक बजे बारदाना समाप्त हो गया। इससे तौल बंद हो गई। वहां मौजूद किसान परेशान हुए। केंद्र प्रभारी वीर सिंह ने बताया कि बारदाना समाप्त होने से तौल बंद हो गई है। 2500 बारदाना की मांग की गई है। बारदाना आने पर तौल शुरू कराई जाएगी। अभी तक 3750 क्विंटल गेहूं की तौल हुई है।