कायमगंज(फर्रुखाबाद)। राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष हीरा ठाकुर ने आरोप लगाया कि दिल्ली की सीमा पर धरने पर बैठे आंदोलनकारी किसान नहीं चीन और पाकिस्तान, खालिस्तान के एजेंट हैं। यह विदेश में हमारे भारत को बदनाम करना चाहते हैं। गणतंत्र दिवस पर तिरंगे का अपमान करने की कसर भी नहीं छोड़ी थी।
क्षेत्र के गांव बलीपुर गड़ी में निवर्तमान प्रधान भाजपा जिला मंत्री अमरदीप दीक्षित के यहां भागवत कथा में शामिल होने आए हीरा ठाकुर ने कहा कि दिल्ली सीमा पर जो किसान थे वह लौट चुके हैं। अब वही लोग बैठे हैं जिन्होंने एनआरसी, 370 हटाने और जामिया व अलीगढ़ में उपद्रव में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। आंदोलनकारियों को छोटे-छोटे गैंग का सदस्य बताते हुए कहा कि अब धीरे-धीरे उनके चेहरे की रौनक घटने लगी है। उन्होंने कहा भाजपा सरकार किसान, व्यापारी सहित सभी की हितैषी है। इस दौरान राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ.मिथलेश अग्रवाल, चेयरमैन सुनील चक, जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता आदि मौजूद रहे।