नगर पालिका सदर में लिपिक से जानकारी करते डीएम मानवेंद्र सिंह।
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। कायमगंज की ईओ सीमा तोमर के गुरुवार की सुबह नगर पालिका में कार्यभार संभालते ही डीएम मानवेंद्र सिंह पहुंच गए। उन्होंने दफ्तर का निरीक्षण किया। निर्देश दिए कि कोई भी फाइल अब चेयरमैन के घर नहीं जाएगी। उन्हें यहीं आकर फाइलों पर हस्ताक्षर करने होंगे। काम शुरू न करने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए। कहा कि ईओ रश्मि भारती बिना सूचना गैरहाजिर होने पर शासन को पत्र लिखा जाएगा। उन्होंने 14वें वित्त के धन को तुरंत खर्च करने के निर्देश दिए।
नगर पालिका परिषद में इस वक्त 14वें वित्त के पड़े 47 करोड़ रुपये से निर्माण कार्यों में बेहद लापरवाही बरती जा रही है। डीएम ने सबसे पहले निर्माण कार्यों के बारे में प्रभारी ईओ और बड़े बाबू से जानकारी हासिल की। कहा कि काम में तेजी लाएं। अब कोई भी पत्रावली नगरपालिका अध्यक्ष के घर नहीं जाएगी। उन्हें दफ्तर में ही आकर काम निपटाना होगा। कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित भुगतानों को सौ फीसदी खत्म किया जाए। कर्मचारियों ने डीएम को बताया कि पालिकाध्यक्ष अपने घर पर पत्रावलियां मंगवाकर दस्तखत करती हैं। इस पर डीएम ने नाराजगी जताई। निर्देश दिए कि अब कोई भी पत्रावली पालिकाध्यक्ष के घर नहीं जाएगी। वह यहीं दफ्तर में आकर काम निपटाएं अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने खंडहर पड़े भवन का भी निरीक्षण किया। इस भवन के बारे में उन्होंने शासन को भेजे गए प्रस्ताव की जानकारी भी हासिल की। कहा कि मार्च में एक महीना ही बचा है। हर हाल में काम पूरा करें। उन्होंने निर्देश दिए कि जो ठेकेदार काम में लापरवाही बरते, उसे ब्लैकलिस्ट कर दें। इस मौके पर एडीएम, एसडीएम भी मौजूद रहे।
डीएम ने जब टैक्स पटल पर लिपिक विजय प्रताप सिंह से वार्ता की, तो पता चला कि दो साल से उनके यहां पत्रावली लंबित पड़ी हैं। इस पर नाराजगी जताई। कहा कि शीघ्र ही पत्रावलियों का निस्तारण करें। उन्होंने कर्मियों से कहा कि किसी भी पटल पर काम लंबित नहीं रहना चाहिए।
डीएम के जाने के तुरंत बाद नगर पालिकाध्यक्ष वत्सला अग्रवाल भी पालिका दफ्तर पहुंचीं। उन्होंने प्रभारी ईओ सीमा तोमर से मुलाकात की। आशा जताई कि अब पालिका में विकास कार्य तेजी से होंगे।