फर्रुखाबाद। बुधवार शाम को आई आंधी और बूंदाबांदी से 700 गांवों की बिजली गुल हो गई। गंगापार क्षेत्र में कुछ जगह बिजली के पोल टूटने से लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। देर रात तक गांवों की बिजली गुल रही। शहरी क्षेत्र के मोहल्लों की बिजली दो से तीन घंटे बंद रहने के बाद चालू हो गई।
आंधी-बूंदाबांदी से गंगापार क्षेत्र की 33 केवी लाइन में फाल्ट आ गया। इससे राजेपुर, अमृतपुर, तहसील व सलेमपुर विद्युत उपकेंद्र ठप हो गए। कुछ जगह 11 केवी लाइन के पोल टूटने से लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। इससे करीब 300 गांवों की बिजली गुल हो गई। हजियांपुर, शमसाबाद, हुसैनपुर तराई, नवाबगंज विद्युत उपकेंद्र से करीब 400 गांवों को बिजली दी जाती है। आंधी और बूंदाबांदी से आए फाल्ट के कारण इन सभी गांवों की बिजली गुल हो गई। शहरी क्षेत्र के विद्युत उपकेंद्रों की 11 केवी लाइनों में फाल्ट आने से मोहल्लों की बिजली गुल हो गई। आंधी थमने और बूंदाबांदी बंद होने पर शहरी क्षेत्र के फाल्टों को दो से तीन घंटे में ठीक कर बिजली चालू कर दी गई। ग्रामीण इलाकों की देर रात तक बिजली गुल रही।