फर्रुखाबाद। स्वास्थ्य सेवाओं पर अब सीधे उपमुख्यमंत्री कार्यालय की नजर होगी। इसके लिए सरकारी अस्पतालों को इलाज कराने वाले व भर्ती मरीजों का विवरण प्रतिदिन भेजना होगा। इस संबंध में स्वास्थ्य निदेशालय से आदेश जारी कर दिया गया है।
जिन अस्पतालों में ऑनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था नहीं है, उनकी स्वास्थ्य सेवाओं पर अब उपमुख्यमंत्री की सीधी नजर रहेगी। स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सेवाएं महानिदेशक वेदव्रत सिंह ने सीएमओ को भेजे आदेश में कहा है कि जिला अस्पताल, सीएचसी व पीएचसी के मरीजों का विवरण प्रतिदिन उपमुख्यमंत्री कार्यालय के ई-मेल पर भेजा जाए। इसमें ओपीडी में इलाज पाने वाले मरीजों की संख्या के अलावा कुल भर्ती मरीज, गंभीर मरीज व दुर्घटनाग्रस्त मरीजों का मोबाइल नंबर सहित विवरण भी दिया जाएगा।
जिला अस्पताल के मरीजों का विवरण सीएमएस, जबकि सीएचसी व पीएचसी के मरीजों का विवरण सीएमओ द्वारा सुबह 11 बजे तक डिप्टी सीएम कार्यालय की ई-मेल पर भेजा जाएगा। बता दें कि जनपद में कई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डॉक्टर विहीन चल रहे हैं।
अधिकांश में प्रसूताओं को छोड़कर मरीजों को भर्ती ही नहीं किया जाता। सीएचसी से भी अधिकांश मरीजों को भर्ती करने के बाद रेफर कर दिया जाता है। डिप्टी सीएम कार्यालय से मॉनीटरिंग होने से स्वास्थ्य सेवाओं की पोल खुलने के साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होने की उम्मीद भी की जा सकती है।