फर्रुखाबाद। कानपुर में पुलिस कर्मियों के कोरोना की चपेट में आने के बाद एडीजी ने गाइड लाइन जारी की है। इसके मुताबिक बीमार व 55 वर्ष की उम्र पार कर चुके पुलिसकर्मियों को अस्पताल, रैपिड एक्शन टीम, क्वारंटीन सुरक्षा स्थल, आरोपियों की गिरफ्तारी से दूर रखा जाएगा। यूपी 112 के पुलिसकर्मी भी गाइड लाइन का अनुपालन करेंगे।
एडीजी जोन जय नरायण सिंह ने जारी गाइड लाइन में कहा कि नौ पुलिसकर्मी कोरोना की चपेट में आ गए हैं। इसलिए डायबटीज, फेफड़े की बीमारी, हृदय रोग से ग्रसित पुलिकर्मियों को बाहर की ड्यूटी से दूर रखने के आदेश दिए हैं। क्वारंटीन व आइसोलेशन वार्ड की सुरक्षा में तैनात पुलिस बल दंगा नियंत्रण उपकरणों, थ्री लेयर मास्क, पीपीई किट मेडिकल ग्लब्स के साथ ड्यूटी करेंगे। थानों में ड्यूटी करने वाले पुलिस कर्मियों को थाने में ही ठहरने व खाने पीने का इंतजाम कराया जाएगा।