कमालगंज। कोरोना संक्रमण से खुद को और लोगों को बचाने का प्रयास कर रहे युवाओं को लोगों की नाराजगी झेलनी पड़ रही है। कई बार स्थिति इतनी खराब हो जाती है कि युवाओं को विवाद से बचने के लिए पीछे हटना पड़ता है।
श्रंगीरामपुर में गुंजन तिवारी, राघव मिश्रा, मोहित गुप्ता, पम्मित गुप्ता, मानू दुबे, चंदन, प्रियम पांडेय, राजेश की टीम गंगा तट पर आने वाली शव यात्रा की भीड़ को उचित दूरी बनाने की नसीहत देती है। इनकी नजर खासकर कन्नौज से आने वाली शव यात्राओं पर होती है, क्योंकि वहां कोरोना के मरीज मिले हैं।
लोगों को भीड़ लगाने से रोकने पर विवाद की स्थिति बन जाती है। श्रंगीरामपुर कन्नौज व हरदोई की सीमा से जुड़ा है। कन्नौज से कई शव यात्राएं रोज पहुंचती हैं। इससे ग्रामीण भयभीत हैं। ग्रामीण युवाओं ने सरकारी बोर्ड पर हाथ से लिखकर नोटिस भी चस्पा किया है। इसके बाद भी पुलिस बैरियरों को धता बताते हुए कई शव यात्राओं के साथ 50 से 100 लोग श्रंगीरामपुर पहुंच जाते हैं।