संवाद न्यूज एजेंसी
कमालगंज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर मंगलवार को अपर पुलिस अधीक्षक सहित 60 लोगों ने कोरोना जांच के लिए नमूना दिया। इनमें दो लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। सोमवार को संक्रमित निकले थाने के फालोअर की 22 वर्षीय पत्नी भी संक्रमण की चपेट में है।
पुलिस थाने में खाना बनाने वाले फालोअर व उसके साथी के सोमवार को संक्रमित निकलने के बाद मंगलवार को 34 पुलिस वालों ने दोबारा सीएचसी पहुंच कर जांच कराई। इसके अलावा एएसपी ने भी जांच के लिए नमूना दिया। कस्बे के प्रताप नगर निवासी फालोअर के परिवार के लोगों ने नमूना दिया। इसमें उसकी पत्नी संक्रमित निकली। फर्रुखाबाद के मोहल्ला आढ़तियान निवासी 63 वर्षीय कोल्ड स्टोरेज मालिक की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई।
इनका फर्रुखाबाद के कुइयाबूंट में कोल्डस्टोरेज है। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सोमेश अग्निहोत्री ने बताया कि सोमवार को संक्रमित निकले फालोअर को कोविड-19 एल-1 अस्पताल भेज दिया गया था। दो लोगों को होम आइसोलेट कर दिया गया। मंगलवार को फालोअर की पत्नी को कोविड अस्पताल व व्यापारी को होम आइसोलेशन के लिए एंबुलेंस से उनके घर भेज दिया गया। लैब टेक्नीशियन राजीव कटियार का कहना है कि कुल लिए गए 60 नमूनों की एंटीजन किट से जांच के साथ ही लैब से भी जांच कराई जा रही है।