फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली पुलिस ने एसटीएफ के साथ संयुक्त अभियान में गांव याहियापुर निवासी नेत्र परीक्षक बिलाल हत्याकांड के मुख्य आरोपी समी के बाउंसर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक ने इसपर 25 हजार का इनाम घोषित किया था। गांव याहियापुर निवासी नेत्र परीक्षक बिलाल खां 30 अगस्त 2019 को अपने क्लीनिक पर बैठे थे।
तभी चचेरे भाई समी ने जमीन के बंटवारे की रंजिश में सुपारी देकर उनकी हत्या करा दी थी। नेत्र परीक्षक के पिता खालिद खां ने समी व दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। कुछ दिन बाद खालिद खां की बीमारी व बेटे के गम में मौत हो गई थी। विवेचना के दौरान समी के अलावा छह आरोपियों के नाम सामने आए थे।
इसमें पुलिस ने जनपद अलीगढ़ के थाना अकराबाद के गांव टुआमई निवासी रामऔतार यादव को 2 अक्तूबर 2020 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद 4 अक्तूबर को अलीगंज रोड पर गांव बलीपुर के सामने राहुल यादव को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था। आरोपी सौरभ व देवेंद्र अलीगढ़ में हाजिर हो गए थे। इसके बाद अंशुल, भूरा उर्फ शिवकुमार भी जेल चले गए थे।