कमालगंज। कई ग्राम पंचायतों में अभी भी सामुदायिक शौचालय का निर्माण पूरा नहीं हुआ है। कुछ ग्राम पंचायतों में निर्माण कार्य में खेल किया गया है। ऐसा ही मामला मूसाखिरिया ग्राम पंचायत में सामने आया है। निर्माण कार्य की गुणवत्ता घटिया होने पर खंड विकास अधिकारी ने अवर अभियंता को भुगतान में कटौती किए जाने के आदेश दिए हैं।
खंड विकास अधिकारी राजेश बघेल ने मूसाखिरिया ग्राम पंचायत के गांव विजै नगला में बन रहे सामुदायिक शौचालयों का निरीक्षण किया। शौचालय की छत पड़ गई है। बाहर दीवार पर प्लास्टर भी हो गया पर आगे का काम बंद मिला। दरवाजे मानक के अनुसार नहीं पाए गए। शौचालय की ऊंचाई सड़क के हिसाब से नीची रखी गई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निवर्तमान प्रधान व सचिव ने लापरवाही से ऐसा निर्माण कार्य हो रहा है। इस पर पंचायत सचिव करन को निर्देश दिए गए कि तीन दिन में मानक के अनुरूप काम कराए जाएं। वहीं, अवर अभियंता राजीव गोयल को भुगतान में कटौती करने के आदेश दिए गए। हब्बापुर में शौचालय का काम बंद मिला। एक सप्ताह में काम पूरा न होने पर सचिव को प्रतिकूल प्रविष्टि की चेतावनी जारी की गई। लक्ष्मण नगला में सबमर्सिबल का कनेक्शन नहीं था। शौचालय में ताला लगा था। पंजूखिरिया में पूर्व प्रधान गौरव श्रीवास्तव ने भुगतान न होने की समस्या रखी। सचिव को भुगतान के लिए निर्देशित किया गया।