फर्रुखाबाद। सपा जिलाध्यक्ष समेत पांच के खिलाफ एक महिला की तहरीर पर छेड़छाड़ व जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की गई है। तहरीर में जमीन पर कब्जे को लेकर घर में घुस कर पीटने और अभद्रता का आरोप महिला ने लगाया है। सपा जिलाध्यक्ष व उनके साथियों का बाइक पर असलहे लेकर जाते हुए का वीडियो वायरल हुआ था।
एसपी ने सीओ कायमगंज की निगरानी में सपा जिलाध्यक्ष व अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी को टीम गठित कर दी है। चर्चा है कि देर रात जिलाध्यक्ष को थाने बुलाकर पूछताछ के बाद हिरासत में लिया गया है। शमसाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने एसपी डॉ. अनिल मिश्र से 29 अक्तूबर को शिकायत की थी।
आरोप लगाया कि मकान के पीछे सपा जिलाध्यक्ष नदीम अहमद फारुखी कुछ भूमाफिया के साथ प्लाटिंग करने की फिराक में हैं। वह उसके मकान के बीच से रास्ता मांग रहे हैं। 28 अक्तूबर की देर रात जिलाध्यक्ष पांच साथियों संग हाथों में असलहे लेकर उनके घर में घुस आए। उनके साथ मारपीट की, विरोध पर तमंचा मुंह में रखकर फायर किया, मगर मिस हो गया।
उसके साथ छेड़छाड़ की। असलहे लेकर बाइक से जाते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। जिसका वीडियो भी वायरल हुआ है। एसपी ने इस मामले को गंभीरता से लेकर रविवार देर शाम थाने में सपा जिलाध्यक्ष नदीम अहमद फारुकी समेत पांच अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई।
थानाध्यक्ष आरके रावत ने बताया कि जिलाध्यक्ष समेत पांच लोगों पर बलवा, मारपीट, छेड़छाड़, जानलेवा हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसपी डा. अनिल मिश्र ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी को कायमगंज सीओ की देखरेख में टीम बना दी गई है।
उधर, चर्चा है कि देर रात सीओ ने थाने में नदीम फारुकी को पूछताछ के लिए बुलाया और हिरासत में ले लिया। जिलाध्यक्ष के मोबाइल पर बात करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ।