फर्रुखाबाद। फर्जी अभिलेख से नौकरी करने के आरोप में शिक्षिका ने अपना पक्ष रखने को बीएसए से समय मांगा है। बीमार होने से वह निर्धारित तारीख पर पक्ष रखने नहीं आ सकी। शिक्षिका के प्रार्थना पत्र पर बीएसए ने शिक्षिका को अंतिम अवसर देते हुए 29 सितंबर को कार्यालय में उपस्थित होकर पक्ष रखने का आदेश दिया है।
मैनपुरी में तैनात शिक्षिका अनीता कुमारी का पैन कार्ड फर्रुखाबाद के प्राथमिक विद्यालय बीबीगंज की प्रधानाध्यापिका अनीता कुमारी प्रयोग कर रही हैं। मामला मानव संपदा पोर्टल पर पकड़े जाने पर मैनपुरी बीएसए कार्यालय के लेखाधिकारी ने यहां के लेखाधिकारी अजीत कुमार को जानकारी दी और मैनपुरी में तैनात शिक्षिका अनीता कुमारी के शैक्षिक अभिलेख व पैन कार्ड की छाया प्रतियां फर्रुखाबाद लेखाधिकारी के पास भेजीं। बीएसए लालजी यादव ने नगर शिक्षा अधिकारी ललित मोहन पाल से जांच कराई। जांच में अधिकारी ने प्रधानाध्यापिका अनीता कुमारी के शैक्षिक अभिलेख गड़बड़ होने की रिपोर्ट दी। बीएसए ने शिक्षिका को अपना पक्ष रखने को 23 सितंबर को कार्यालय बुलाया था। अनीता कुमारी कार्यालय नहीं पहुंचीं। उनका पत्र कार्यालय पहुंचा। इसमें शिक्षिका ने बीमारी का हवाला देते हुए अपना पक्ष रखने के लिए समय मांगा। बीएसए ने बताया कि पत्र मिला है। उन्होंने समय मांगा है, एक और मौका दिया गया है। 29 सितंबर को कार्यालय आने का आदेश दिया गया है।