कायमगंज। सीएचसी कर्मी से मंगलवार को गालीगलौज के बाद कार्यालय में तोड़फोड़ व सरकारी दस्तावेज फाड़ने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। सुबह सीएचसी के कुछ डाक्टर व अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने मेडिकल काउंसिल एक्ट की धारा बढ़ाने व आरोपी की गिरफ्तारी की मांग उठाई।
कस्बा चौकी के पास लगे बैरियर पर मंगलवार दोपहर सीएचसी के बीसीपीएम विनय मिश्रा से एक युवक ने गालीगलौज किया था। इसके बाद उसने सीएचसी जाकर उनके कार्यालय में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ कर कोविड-19 व अन्य दस्तावेज फाड़ दिए थे।
विनय मिश्रा ने आरोपी चंद्रेश निवासी मोहल्ला छपट्टी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। बुधवार सुबह सीएचसी के संविदा डॉक्टर अमरेश कुमार, डॉ. संदीप, डॉ. नदीम, मोहित व अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने एकजुट होकर मांग रखी कि मेडिकल काउंसिल एक्ट की धारा व आरोपी की गिरफ्तारी न हुई तो कोई भी स्वास्थ्य कर्मी काम नहीं करेगा।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी चंद्रेश को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। साथ ही दर्ज मुकदमे में मेडिकल काउंसिल एक्ट की धारा बढ़ा दी।