कछियाना मोहल्ले में आग लगने के बाद पड़ा सिलिंडर व जला पड़ा सामान।
- फोटो : FARRUKHABAD
चाय बनाते सिलिंडर में लगी आग से सामान राख
फर्रुखाबाद। गैस चूल्हे पर चाय बनाते वक्त अचानक सिलिंडर में आग लग गई। विवाहिता के शोर मचाने पर लोग एकत्र हो गए। परिजनों और मोहल्ले के लोगों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। तब तक कमरे का सामान जल गया। सूचना पर भी न तो दमकल पहुंची और न ही पुलिस।
शहर कोतवाली के मोहल्ला कछियाना निवासी घनश्याम कुशवाह के पुत्र आकाश की पत्नी लक्ष्मी बुधवार सुबह सात बजे कमरे में रखे गैस चूल्हे पर चाय बना रही थी। अचानक सिलिंडर से लपटें उठने लगीं। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। कमरा छोटा होने से अन्य सामान भी जलने लगा। चीखपुकार पर परिजन और मोहल्ले के लोग पहुंचे।
कुछ लोगों ने पुलिस और दमकल को फोन किया, मगर वह नहीं पहुंची। कछ युवाओं ने बालू और पानी में बोरा भिगोकर सिलिंडर पर डाला। फिर भी पूरी तरह आग नहीं बुझी। कुछ ही दूरी पर रह रहे एक परिवार के यहां से आग बुझाने का सिलिंडर लाया गया। इसके बाद ही आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान कमरे की खिड़की, रखा सामान जलकर राख हो गया। परिजनों ने 30-35 हजार रुपये का नुकसान बताया है।