शमसाबाद (फर्रुखाबाद)। 25 बीघा आलू की फसल में झुलसा रोग लगा देख थाना क्षेत्र के गांव दलेलगंज के रहने वाले किसान की हार्टअटैक से मौत हो गई। किसान के छोटे पुत्र ने थाना पुलिस को मौखिक सूचना दी। दिल्ली से बड़े पुत्र के आने के इंतजार में शव घर पर रखा है। मृतक के पिता का कहना है कि फसल खराब होने से पुत्र की हार्टअटैक से मौत हुई है।
गांव दलेलगंज निवासी हाकिम पाल (40) पुत्र हरिश्चंद्र ने 25 बीघा खेत में आलू की फसल की थी। हाकिम सिंह के छोटे पुत्र अंश (15) के मुताबिक सोमवार सुबह करीब 9.30 बजे पिता हाकिम सिंह खेत में आलू की फसल देखने गए। फसल में झुलसा रोग लगा देख हाकिम सिंह की तबियत बिगड़ गई। वह खेत में ही अचेत होकर गिर पड़े।
आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। परिजन आनन-फानन में खेत पर पहुंचे और हाकिम सिंह को प्राइवेट वाहन से जिला मुख्यालय स्थित नर्सिंगहोम लेकर आए। यहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजन शव लेकर घर पहुंचे तो पत्नी शकुंतला देवी आदि परिजन रोने-बिलखने लगे। अंश ने थाने में घटना की मौखिक सूचना दी। हाकिम सिंह के पुत्र हरिश्चंद्र ने बताया कि बड़ा प्रपौत्र गौरव कुमार (17) दिल्ली में नौकरी करता है। उसे घटना की सूचना दे दी है। वह दिल्ली से घर के लिए चल दिया है। हरिश्चंद्र ने बताया कि पुत्र हाकिम सिंह ने केसीसी से एक लाख रुपया ऋण लेकर 25 बीघा खेत में आलू की फसल की थी। लेकिन आलू में झुलसा रोग लगने से हाकिम सिंह परेशान रहते थे। आलू में झुलसा रोग लगने से ही हाकिम सिंह की हार्टअटैक से मौत हो गई। उधर, एसओ कुलदीप दीक्षित ने बताया कि अगर परिजन तहरीर देते हैं तो हाकिम सिंह के शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।