शमसाबाद। थानाक्षेत्र के गांव फारम नगला के पास दो बाइकों में आमने सामने भिड़ंत हो गई। इसमें एक किसान सहित तीन लोग घायल हो गए। किसान को गंभीर हालत में सीएचसी से रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए। वहां देर रात उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
शमसाबाद थानाक्षेत्र के गांव इमादपुर निवासी राजेंद्र (65) पुत्र रामचरण खेती करते थे। बुधवार देर शाम को वह पड़ोसी गांव नगला गोदाम के संदीप (22) के साथ बाइक से गांव हंसापुर गौराई में चक्की से आटा लेने गए थे। वहां वह आटा लेकर बाइक से वापस आ रहे थे। तभी रास्ते में गांव फारम नगला के पास सामने से आ रहे गांव इमादपुर निवासी सनोज (26) की बाइक से टक्कर हो गई। इसमें तीनों लोग घायल हो गए। कोई भी बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था। उधर से गुुजर रहे लोगों ने राजेंद्र के परिजनों को सूचना दी। इस पर वह मौके पर पहुंच गए। सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। राजेंद्र को गंभीर हालत में रेफर किए जाने पर परिजन उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में ले गए। वहां उनकी देर रात मौत हो गई। ग्राम प्रधान नीलम ने बताया कि राजेंद्र के बीबीसी, गुलाब, अतर सिंह, नन्हें व मिट्ठू बेटे हैं। राजेंद्र की पत्नी की दस साल पहले मौत हो चुकी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।