अमृतपुर/मोहम्मदाबाद (फर्रुखाबाद)। अन्ना गोवंश से गेहूं की फसल की रखवाली कर रहे वृद्ध किसान की बिजली गिरने से मौत हो गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
क्षेत्र में थाना क्षेत्र में अन्ना गोवंशों का आतंक हैं। इसके चलते किसान फसल की रखवाली को रात खेतों में गुजार रहे हैं। इसी क्रम में गांव पंचम नगला के निवासी तेजराम यादव(60) अपने खेत में झोपड़ी डालकर रहते थे। उनके खेत में गेहूं की फसल है। शुक्रवार शाम करीब पांच बजे गेहूं की फसल बचाने के लिए गोवंश भगा रहे थे। तभी तेज आवाज के साथ बिजली गिरी। इससे तेजराम की मौके पर ही मौत हो गई। पास में ही गांव के वीरपाल का खेत भी है। वीरपाल ने तेजराम को पड़ा देखा। इस पर वह दौड़ कर पास पहुंचे तो देखा तेजराम की मौत हो गई है।
इसकी सूचना पर तेजराम के परिजन खेत पहुंचे। घटना की सूचना उपजिलाधिकारी बृजेंद्र कुमार को दी गई। मौके पर लेखपाल मोहम्मद आदिल खां ने जाकर जांच की। ग्राम प्रधान के पति सुरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि तेजराम फसल की रखवाली के लिए खेत में ही झोपड़ी डालकर रहते थे। उनकी शादी नहीं हुई थी। तेजराम के भाई रामऔतार यादव, रामपाल, कृपाल यादव हैं।
मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शास्त्री नगर निवासी रिटायर्ड अध्यापक प्रेम सिंह यादव बीते आठ महीने से अपने घर के निकट ही मंदिर का निर्माण करा रहे हैं। गुरुवार रात लगभग तीन बजे तेज आवाज के साथ बिजली मंदिर के ऊपर गिरी। इससे मंदिर के गुंबद में लगे टायल टूटकर लगभग 40 मीटर दूर लोगों के मकानों की छतों पर गिरे। बिजली गिरने से मंदिर की दीवारें दरक गईं, लेकिन हादसा होने से बच गया।