पोस्टमार्टम हाउस में गमगीन बैठे सुनील के परिजन।
- फोटो : FARRUKHABAD
ट्रैक्टर ट्राली पलटने से किसान की मौत
संकिसा (फर्रुखाबाद)। मेरापुर थाना क्षेत्र के गांव पुनपालपुर के सामने ट्रैक्टर ट्राली पलटने से किसान की मौत हो गई और चचेरा भाई घायल हो गया। घायल को लोहिया अस्पताल भेजा गया। डॉक्टर ने उसको सैफई रेफर कर दिया है।
जनपद एटा के थाना नयागांव के गांव नगला सिमरा निवासी सुनील कुमार (30) शनिवार की रात ट्रैक्टर ट्राली पर आलू लादकर चचेरे भाई जय सिंह के साथ फर्रुखाबाद सातनपुर मंडी जा रहा था। मेरापुर क्षेत्र के गांव पुनपालपुर के सामने में देर रात ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई।
इसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी पर मेरापुर एसओ मौके पर पहुंचे और घायलों को सीएचसी मोहम्मदाबाद लेकर गए। वहां डॉक्टर ने सुनील को मृत घोषित कर दिया।
जय सिंह को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। हालत बिगड़ने पर जयसिंह को सैफई रेफर कर दिया गया। पुलिस ने सुनील के शव का पोस्टमार्टम कराया। सूचना पर पहुंची पत्नी जसोदा देवी, पुत्री तन्वी, तान्या व पुत्र अर्वव, मां कमला देवी रो-रोकर बेहाल हो गईं। एसओ धर्वेंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।