चारा काट रहे किसान की करंट से मौत
कमालगंज। खेत में जानवरों के लिए चारा काट रहा किसान हाईटेंशन लाइन के पोल में उतरे करंट की चपेट में आने से बुरी तरह झुलस गया। जानकारी पर पहुंचे परिजन एंबुलेंस से घायल को सीएचसी ले गए। वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव कतरौली पट्टी निवासी जितेंद्र (40) रविवार सुबह छह बजे गांव में ही स्थित खेत पर जानवरों के लिए चारा लेने गया था। चारा काटते समय पास में खड़े हाईटेंशन लाइन के पोल पर करंट आ गया। इसकी चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। आसपास खेतों में मौजूद ग्रामीणों ने घटना की जानकारी जितेंद्र के पिता वेदराम, भाई रावेंद्र, अर्जुन व अन्य परिजनों को दी।
परिजन उसे एंबुलेंस से सीएचसी लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सक ने जितेंद्र को मृत घोषित कर दिया। परिजन शव को घर ले गए। वहां किसी ने कहा कि जितेंद्र की सांसें चल रही हैं।
इस पर परिजन निजी वाहन से उसे लोहिया अस्पताल ले गए। वहां भी डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। जितेंद्र की पत्नी अनीता व मां सुमन देवी रो-रोकर बेहाल हो गईं। रावेंद्र ने बताया कि भाई के पांच पुत्र संजेश, अंकुर, अमर, प्रांशु व निखिल हैं। जितेंद्र खेती व मजदूरी करता था। जितेंद्र के पिता वेदराम ने थाने पहुंचकर घटना की लिखित सूचना पुलिस को दी। खुदागंज चौकी प्रभारी जगदीश भाटी ने पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।