फर्रुखाबाद। कंपिल थाना क्षेत्र के गांव नुनेरा निवासी ग्रामीण बुधवार को कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने खेत मालिक पर बंटाईदार युवक की हत्या का आरोप लगाया। जिलाधिकारी व एसपी से न्याय की गुहार लगाई। एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। पत्नी ने आरोप लगाया कि 24 मार्च को उसके पति को फोन कर बुलाने के बाद सरसों की फसल का हिसाब न करने की वजह से हत्या कर दी गई।
कंपिल क्षेत्र के गांव नुनेरा निवासी अवनीश का शव 24 मार्च को अटैना मार्ग पर टेड़ी पुलिया के पास पड़ा मिला था। बुधवार दोपहर मोदी राठौर युवा सेवा के प्रदेश अध्यक्ष कुंवरपाल सिंह राठौर पीड़ित परिवार, ग्रामीण व कार्यकर्ताओं के साथ कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने एसडीएम रविंद्र कुमार को सौंपे ज्ञापन में कहा कि गांव नुनेरा निवासी अवनीश उर्फ भोले कंपिल कस्बा निवासी व्यक्ति का खेत बंटाई पर करता था। 24 मार्च की शाम करीब 7.30 बजे खेत मालिक ने फोन कर सरसों की फसल का हिसाब करने के लिए बुलाया। देर रात तक घर वापस न पहुंचने पर परिजन ने फोन किया तो मोबाइल स्विच ऑफ मिला। 25 मार्च की सुबह छह बजे अटैना रोड टेड़ी पुलिया से आगे अवनीश का शव पड़ा मिला। उसके सिर में पीछे की तरफ गंभीर चोट थी। परिजन ने हत्या का आरोप लगाया थाने में तहरीर दी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। भाई वीरेश ने 9 अप्रैल को थाने में खेत मालिक पर भाई अवनीश की हत्या का आरोप लगाकर तहरीर दी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। अवनीश की पत्नी बीना अपने छोटे-छोटे चार बच्चों, सास, ससुर व देवर वीरेश के साथ जिलाधिकारी से मिलकर घटना की जानकारी दी। इससे पहले एसपी से मिलकर पीड़ित परिवार ने न्याय मांगा। जिलाधिकारी व एसपी ने कार्रवाई का भरोसा दिया है।