फर्रुखाबाद। मेला श्री रामनगरिया में कल्पवासियों और साधु संतों को नाले के गंदे पानी में स्नान करना पड़ रहा है। गुरुवार को साधुओं ने नाले का मुआयना करने के बाद आर पार की लड़ाई की घोषणा कर दी है। उनके सहयोग के लिए पंडा समिति ने भी कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग करने का आह्वान किया है।
गुरुवार को मेला षण दर्शन संत समिति के अध्यक्ष सोमवार पुरी, स्वामी अच्युतानंद गिरी, महंत हरिनाम गिरी, लखन स्वरूप आदि साधुओं ने भैरोंघाट पर गंगा की ओर आ रहे नाले का मुआयना किया। सोमवार पुरी ने कहा कि संत समाज इसका व्यापक रूप से विरोध करेगा। पंडा समिति के अध्यक्ष मनोज औदिच्य ने बताया कि वह भी साधु संतों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर नाले के पानी को गंगा में मिलने से रोकने के लिए संघर्ष करेंगे। संत समिति के पदाधिकारियों ने मेला व्यवस्थापक को ज्ञापन देकर नाले को बंद करवाने की मांग की।