सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होंगी प्रयोगात्मक परीक्षाएं
फर्रुखाबाद। इंटरमीडिएट 2021 की प्रयोगात्मक परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होंगी। प्रयोगात्मक परीक्षाएं 13 से 22 जनवरी तक होंगी। इसमें छात्र-छात्राओं को प्रयोगात्मक विषयों में निर्धारित पूर्णांक में से 50 प्रतिशत अंक आंतरिक परीक्षक द्वारा और 50 प्रतिशत बाहरी परीक्षक द्वारा दिया जाएंगे।
माध्यमिक शिक्षा परिषद ने इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाएं कराने का आदेश जारी कर दिया है। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. आदर्श कुमार त्रिपाठी ने प्रधानाचार्यों को आदेश जारी कर कहा कि प्रयोगात्मक परीक्षाओं की सीसीटीवी रिकार्डिंग को प्रधानाचार्य अपने पास सुरक्षित रखेंगे। परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा मांगे जाने पर इसे उपलब्ध कराना होगा।
हाईस्कूल की प्रयोगात्मक परीक्षाएं पिछली साल की तरह विद्यालय स्तर पर आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर कराईं जाएं। हाईस्कूल के व्यक्तिगत परीक्षार्थी अपने अग्रसारण केंद्र के प्रधानाचार्य से संपर्क कर प्रयोगात्मक परीक्षा में शामिल होंगे। हाईस्कूल की प्रयोगात्मक परीक्षा नैतिक खेल एवं शारीरिक शिक्षा तथा इंटरमीडिएट की खेल एवं शारीरिक शिक्षा के प्राप्तांकों को विद्यालय के प्रधानाचार्यों को परिषद की वेबसाइट पर अपलोड करना होगा।