विद्युत भंडारगृह का निरीक्षण करते अधिशासी अभियंता रामचंद्र।
- फोटो : FARRUKHABAD
एक्सईएन ने चेक किया विद्युत भंडार गृह का स्टाक
फर्रुखाबाद। कानपुर से आए एक्सईएन ने शुक्रवार को विद्युत भंडार गृह का निरीक्षण कर वहां स्टाक चेक किया। इसके बाद एक कर्मचारी के खिलाफ किसानों की सामग्री उठवाने के दौरान अवैध वसूली किए जाने की शिकायत पर अन्य कर्मचारियों के बयान दर्ज किए। भंडार गृह में सामग्री कम आने पर उच्चाधिकारियों को लिखने की बात कही।
विद्युत वितरण निगम का भंडार गृह बेवर रोड भोलेपुर में है। इसके एक्सईएन कानपुर में बैठते हैं। शुक्रवार को यहां पहुंचे एक्सईएन रामचंद्र ने भंडार गृह का निरीक्षण किया। उन्होंने कंप्यूटर पर दर्ज स्टाक से भंडार गृह में रखे स्टाक का मिलान कराया। इसके बाद टूटे टिन शेड को देख कर कर्मचारियों से पूछताछ की। किस-किस सामान की कमी है, इस संबंध में भंडार गृह प्रभारी से पूछताछ की।
एक्सईएन ने बताया कि भंडार गृह में नलकूप कनेक्शन कराने वाले जब सामान लेने आते हैं, तब उनसे कुछ कर्मचारी अवैध वसूली करते हैं। इसकी शिकायत मुख्य अभियंता कानपुर से की गई थी। उनके निर्देश पर वह जांच करने भी आए हैं। कर्मचारियों के बयान दर्ज कर लिए हैं। रिपोर्ट तैयार कर मुख्य अभियंता को दी जाएगी। भंडार गृह में काफी सामग्री की कमी है। इसको पूरा करने के लिए उच्च अधिकारियों को पत्र भेजा जाएगा।