फर्रुखाबाद। एक से आठ फरवरी तक जनपद में माध्यमिक विद्यालयों की प्रायोगिक परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। परीक्षा कराने के लिए लगाए गए परीक्षक बिना आधारकार्ड और पहचान पत्र के परीक्षा नहीं करा सकेंगे। परिषद सचिव ने निर्देश दिए हैं कि जिन परीक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी, उनके पास आधारकार्ड व पहचान पत्र होना अनिवार्य है।
जनपद के 165 कॉलेजों में प्रायोगिक परीक्षाओं को कराए जाने की तैयारी चल रही है। वाह्य परीक्षकों की ड्यूटी परिषद से लग गई है। परिषद ने निर्देश दिए हैं कि जिन परीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। संबंधित केंद्र पर उनका मान्य पहचान पत्र व आधारकार्ड की जांच की जाए। इन दोनों प्रमाण पत्रों की फोटोकॉपी विद्यालय में प्रधानाचार्य सुरक्षित रखें।
वायस रिकार्डर युक्त सीसीटीवी कैमरे में ही परीक्षा कराई जाए। प्रायोगिक परीक्षा समाप्त होने के बाद परीक्षक पोर्टल पर प्राप्तांक फीड करें। प्राप्तांकों से संबंधित आईबी-234 व अनुपस्थित विवरण क्षेत्रीय कार्यालय को रजिस्टर्ड डाक से भिजवाएं। परीक्षा संपन्न कराने के लिए सात सेक्टर मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गई है। प्रधानाचार्य सीसीटीवी कैमरे की फुटेज अपने पास रखेंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक नरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया गया है कि वे परिषद सचिव के निर्देशों का पालन करें। गौरतलब है कि जनपद में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट में करीब 40 हजार से ज्यादा परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।