विद्यालय भवन तोड़ मलबा ले जाने पर बैठी जांच
फर्रुखाबाद। कन्या प्राथमिक विद्यालय अमृतपुर के भवन और दो अतिरिक्त कमरों को बगैर नीलामी गिरवा कर मलबा उठा ले जाने के मामले में डीएम मानवेंद्र सिंह ने जांच बैठा दी है। उन्होंने बीएसए को खुद जांच कर एक सप्ताह में रिपोर्ट देने का आदेश दिया है।
एक परिसर में पूर्व माध्यमिक विद्यालय बालक, बालिका अमृतपुर, प्राथमिक विद्यालय बालक और कन्या प्राथमिक विद्यालय अमृतपुर संचालित हैं। इन सभी के भवन अलग-अलग थे। एक परिसर में चार विद्यालय होने से इनको शासन के आदेश पर संविलियन किया गया था। कन्या प्राथमिक विद्यालय का भवन, एनपीआरसी व आंगनबाड़ी कक्ष जर्जर था।
जिले के एक अधिकारी ने निरीक्षण में जर्जर भवन में बच्चों को बैठाने से मना किया था। इसके बाद विद्यालय भवन, आंगनबाड़ी व एनपीआरसी कक्ष को बगैर कंडम घोषित किए और नीलामी हुए बिना अप्रैल 2020 में तुड़वा दिया गया। प्रधान मलबा उठा ले गए। इसकी जानकारी विभागीय अधिकारियों को नहीं दी गई।
बीईओ रमेश चंद्र जौहर को निरीक्षण में जब पता चला तो उन्होंने प्रधानाध्यापक को नोटिस जारी किया। इस मामले को अमर उजाला ने 16 दिसंबर के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया। इसे जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने गंभीरता से लिया और बीएसए को खुद जांच करने का आदेश दिया है। जांच रिपोर्ट एक सप्ताह में देने को कहा है। बीएसए लालजी यादव ने बताया कि बीईओ राजेपुर से पूरे प्रकरण की आख्या मांगी है।