फर्रुखाबाद। यूनियन के नाम पर टेंपो चालकों से हर माह 90 हजार रुपयों की अवैध वसूली हो रही है। यह वसूली यूनियन के अध्यक्ष अपने कर्मचारियों के माध्यम से फतेहगढ़ सीएमओ कार्यालय के नजदीक कराते हैं। इस वसूली को लेकर यूनियन में फूट पड़ गई। अध्यक्ष ने महामंत्री को संगठन से निकाल दिया, तो महामंत्री ने यूनियन के नियमों संबंधित रिपोर्ट तैयार कर डीएम और एसपी को जांच किए जाने के लिए भेजी है।
यूनियन अध्यक्ष के मुताबिक फतेहगढ़- फर्रुखाबाद मार्ग पर लगभग 300 टेंपोे चलते हैं। इनसे प्रतिदिन 10 रुपये के हिसाब से फर्रुखाबाद टैक्सी थ्री व्हीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष कर्मचारियों के माध्यम से सीएमओ कार्यालय के नजदीक वसूली कराते है। इस तरह की वसूली के आंकडे़ देखे जाएं तो प्रति माह टेंपो चालकों से 90 हजार रुपये रुपयोें की संगठन वसूली करता है।
इस वसूली को लेकर संगठन के पदाधिकारियों में फूट पड़ गई। पहले संगठन के अध्यक्ष अनिल गुप्ता ने महामंत्री मोहित सक्सेना को संगठन से निकाल दिया। इसको लेकर महामंत्री ने डीएम और एसपी को शिकायती प्रार्थना पत्र भेजा है।
इसमें कहा गया कि अध्यक्ष अनिल गुप्ता मनमाने तरीके से टेंपो चालकों से वसूली करते हैं। इसका विरोध करने पर संगठन से निकालने का समाचार प्रकाशित कराया है। इस तरह की वसूली अवैधानिक है। संस्था के नियमों के अनुसार संगठन के सदस्यों से दो रुपये प्रतिदिन के हिसाब से लिए जाने चाहिए।
यहंा 10 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से वसूले जा रहे हैं। इसका विरोध कर चुनाव कराने की मांग की थी। इससे नाराज होकर अनिल गुप्ता ने संगठन से हटाने की धमकी दी। उन्होंने वसूल की जाने वाली धनराशि का ब्योरा भी उपलब्ध नहीं कराया। इन्होंने चालकों से हो रही वसूली के संबंध मेें जांच कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। इस बारे में अनिल गुप्ता ने बताया कि तीन माह वसूली हुई है। अब यह बंद है। इस पैसे से 28 टेंपो का पंजीयन कराया है।