कमालगंज। तीर्थनगरी श्रंगीरामपुर में पर्यटन विभाग की ओर से बनवाया गया धर्मशाला भवन तीन साल पहले तैयार हो चुका है लेकिन बचे काम अभी तक पूरे न होने से भवन का हस्तांतरण लटका है। खास बात यह है कि डीएम के निर्देश के बावजूद हस्तांतरण कार्रवाई नहीं हुई।
ऋषि श्रंगी की तपोभूमि में टपुआ के प्राचीन हनुमान मंदिर के पास पर्यटन विभाग ने तीर्थयात्रियों के लिए धर्मशाला बनवाई थी। तीन साल से धर्मशाला भवन तैयार खड़ा है लेकिन बिजली फिटिंग, पानी व शौचालय व्यवस्था नहीं हुई। चार जुलाई को जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने एसपी आरती सिंह के साथ तीर्थ स्थल में व्यवस्थाओं का जायजा लिया था। डीएम ने मौके पर ही पर्यटन विभाग के अधिकारी को फोन कर एक सप्ताह में अधूरे काम पूर्ण कराकर भवन हस्तांतरण के निर्देश दिए थे। तत्कालीन बीडीओ त्रिलोकचंद शर्मा से भी डीएम ने कहा था कि विभाग के अधिकारी से संपर्क कर काम पूरा कराया जाए। बीडीओ का दूसरे ब्लाॅक में स्थानांतरण हो गया। पांच माह बाद भी हस्तांतरण नहीं हुआ। ग्राम प्रधान अवनीश यादव पिंटू ने बताया कि काम पूरे होने पर ही ग्राम पंचायत धर्मशाला को हस्तांतरित करेगी।