कमालगंज। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर की पर्यावरण अध्ययन विषय की परीक्षा 16 मई को होगी। दो घंटे का पेपर आठ से 10 बजे की पाली में संपन्न होगा। पेपर वस्तुनिष्ठ प्रश्नों पर आधारित होगा।
ज्ञात हो कि वर्ष 2007 से 2022 तक की परीक्षा में बहुत से स्नातक के छात्र अपने पाठ्यक्रम में उत्तीर्ण होते हुए भी पर्यावरण अध्ययन विषय में अनुत्तीर्ण हो गए थे। जिसके चलते उन्हें उपाधि (डिग्री) प्राप्त नहीं हो पा रही है। इन छात्रों को पांच अप्रैल तक एक हजार रुपए परीक्षा शुल्क जमा कर विश्वविद्यालय पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन परीक्षा आवेदन करने का मौका दिया था।
विश्वविद्यालय परीक्षा नियंत्रक राकेश कुमार की ओर से कालेज प्राचार्यों को 16 मई को परीक्षा आयोजित कराए जाने का पत्र बुधवार को प्राप्त हुआ है। आरपी कालेज के प्राचार्य डॉ एसबी सागर ने बताया कि इससे बहुत से छात्रों को राहत मिलेगी। वह परीक्षा पास कर डिग्री पाने के लिए योग्य हो जाएंगे। परीक्षा 16 मई दिन शुक्रवार को होगी। परीक्षा बहुविकल्पीय प्रश्नोत्तर आधार पर होगी। चार विकल्पों में सबसे सटीक उत्तर पर गोला भरना होगा।