फर्रुखाबाद। वसंत पंचमी पर विशेष गंगा स्नान को लेकर जनपद में बृहस्पतिवार रात से भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। पुलिस अधीक्षक ने रूट डायवर्जन कर जनपद सीमा से पहले ही भारी वाहनों को रोकने के आदेश दिए हैं। गंगा तटाें पर स्ननानार्थियों की भीड़ समाप्त होने तक भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाई गई है।
वसंत पंचमी पर गंगा स्नान के लिए बृहस्पतिवार रात से ही श्रद्धालु गंगा तटों पर पहुंचने लगेंगे। पांचालघाट गंगा तट पर इन दिनों हजारों की संख्या में श्रद्धालु कल्पवास कर रहे हैं। इससे यहां विशेष पर्वों पर स्नानार्थियों की संख्या एक लाख के आसपास पहुंच जाती है। इसके अलावा बरगदियाघाट, श्रंगीरामपुर व ढाई घाट पर ही बड़ी संख्या में स्नानार्थी पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने जाम की समस्या से निपटने के लिए रूट डायवर्जन बृहस्पतिवार रात आठ बजे से ही लागू कर दिया है। इससे पड़ोसी जनपदों से आने वाले भारी वाहन ट्रक, टैंकर, डीसीएम, डंपर, लोडर आदि के जिले में प्रवेश पर रोक लगा दी है। उन्होंने भारी वाहनों को जिले की सीमा से पहले ही राेकने के आदेश दिए हैं।
इन स्थानों पर रोके जाएंगे वाहन
कन्नौज-कानपुर मार्ग- कन्नौज से फतेहगढ़ की ओर आने वाले भारी वाहनों को गुरसहायगंज से ही छिबरामऊ की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
छिबरामऊ मार्ग- छिबरामऊ से जहानगंज होकर फतेहगढ़ आने वाले वाहनों को छिबरामऊ से ही बेवर की तरफ निकाला जाएगा।
मैनपुरी मार्ग- बेवर की ओर से फतेहगढ़ आने वाले माल वाहनों को बेवर में ही रोका जाएगा।
एटा मार्ग- जनपद एटा की ओर से फतेहगढ़ आने वाले वाहनों को बिराहिमपुर अलीगंज बार्डर (एटा) पर रोका जाएगा।
शाहजहांपुर, बरेली मार्ग- शाहजहांपुर की ओर से फतेहगढ़ आने वाले वाहनों को थाना अल्लागंज, हुल्लापुर (शाहजहांपुर) व जरियनपुर चौराहे से ढाईघाट शमसाबाद की ओर आने वाले वाहनों को जरियनपुर(शाहजहांपुर) में रोका जाएगा।
हरदोई मार्ग - हरदोई की ओर से फतेहगढ़ आने वाले मालवाहकों को रूपापुर (हरदोई) में ही रोक दिया जाएगा।