शमसाबाद के एवी इंटर कालेज के बूथ पर लिस्ट में नाम न होने से वोट न डाल पाने से मायूस खड़े लोग। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
शमसाबाद। पहचानपत्र लेकर वोट डालने के लिए सुबह से लाइन में लगे 100 से अधिक लोगों के नाम सूची से गायब मिले। उन्होंने पीठासीन अधिकारी से शिकायत कर बीएलओ से नाराजगी जताई।
शमसाबाद कस्बे के मोहल्ला बजरिया, अली अहमद, सैदबाड़ा, काजीटोला और चौहट्टा के मतदाताओं के लिए एवी इंटर कॉलेज मतदान केंद्र बनाया गया। यहां 100 से अधिक लोगों के नाम मतदाता सूची में नहीं थे।
बजरिया निवासी अकरम, फूल मियां, छोटे मियां, मोहल्ला अली अहमद निवासी रुकसाना, आरिफ व अन्य लोगों ने बताया कि लाइन में लगकर जब बूथ के अंदर पहुंचे तो सूची से नाम गायब था।
फतेहगढ़ क्षेत्र के मोहल्ला ग्रानगंज निवासी रोहित तिवारी कानपुर में प्राइवेट नौकरी करते हैं। वे छुट्टी लेकर पत्नी के साथ घर आए थे। राष्ट्रीय जनता इंटर कॉलेज में वोट डालने आए तो पता चला कि उनका नाम सूची में नहीं है। इस मोहल्ले के करीब 10 लोगों के नाम सूची में नहीं थे। मोहल्ला वनखड़िया निवासी रजनी समेत 12 तथा कुटरा में 10 लोगों के नाम गायब थे।