रोडवेज बस अड्डे के पास अतिक्रमण और डग्गामार वाहनों के खिलाफ शुक्रवार को
पुलिस ने अभियान चलाया। यहां दो मैजिक व एक बस को भी सीज किया गया।
रोडवेज
बस अड्डे के सामने डग्गामार वाहनों ने अड्डा बना लिया है। इससे रोडवेज को
लाखों रुपये के राजस्व का चूना लगता है। शुक्रवार को सिटी मजिस्ट्रेट
महमूद आलम, एआरएम संजीव यादव, एआरटीओ देवमाणि भारती, शहर कोतवाल आरपी यादव,
कादरीगेट चौकी प्रभारी कुलदीप दीक्षित फोर्स के साथ स्टैंड के पास पहुंचे।
यहां से प्राइवेट बस को सीज कर दिया गया।
टाटा मैजिकों के दो चालक अपने
वाहनों को छोड़ कर भाग गए। पुलिस ने इन्हें भी सीज कर दिया। इसके साथ ही
दो मैजिकों का चालान कर दिया गया। इससे वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
चालक अपने अपने वाहनों को लेकर भाग गए। इसके साथ ही शमसाबाद बस अड्डे पर
खड़े होने वाले वाहन भी वहां से हटा लिए गए। टीम ने दुकानदारों को अपनी
अपनी दुकानों का अतिक्रमण हटा लेने के निर्देश दिए।
टीम ने लालगेट तक पहले
एक ओर के दुकानदारों को हड़काया। इसके बाद दूसरी लाइन पर खाने का होटल किए
दुकानदार को वहां से अतिक्रमण को हटा लेने के निर्देश दिए गए। ठेली लगाने
वालों लोगों को वहां से हटाकर भगा दिया। रोडवेज बस अड्डा के पास बने होटल
मालिक को भी अति अतिक्रमण हटा लेने की हिदायत दी गई। पुलिस की इस कार्रवाई
से दुकानदारों के साथ ही वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा।