फर्रुखाबाद। जनवरी से लोहिया अस्पताल को 24 घंटे बिजली मिलना तय है। इसके लिए अस्पताल परिसर में उपकेंद्र का निर्माण हो गया है। मशीनें लगाई जा रही हैं। 33 हजार की लाइन उपकेंद्र तक ट्रांसमिशन से खिंच गई है। 24 घंटे लगातार बिजली मिलने से तीमारदार और मरीजों को बिजली की समस्या से जूझना नहीं पड़ेगा।
लोहिया अस्पताल में सुबह 8 से दोपहर दो बजे तक डाक्टर मरीजों को देखते हैं। मरीजों के अल्ट्रासाउंड और एक्सरे होते हैं। शहरी क्षेत्र के उपभोक्ताओं को दी जाने वाली बिजली आपूर्ति के रोस्टर के अनुसार लोहिया अस्पताल में बिजली सप्लाई होती है।
इस कारण सुबह 8 से 10 बजे तक रोस्टर कटौती और आपूर्ति के दौरान लोकल फाल्टों के कारण बिजली गुल होने से अस्पताल में आने वाले कई मरीजों के अल्ट्रासाउंड और एक्सरे समय पर नहीं हो पाते। एक्सरा और अल्ट्रासाउंड कराने के लिए दो से तीन दिन तक अस्पताल की दौड़ लगानी पड़ती है।
अस्पताल में जनरेटर का आवश्यकता पड़ने पर प्रयोग होता है। मरीजों को राहत देने के लिए शासन के आदेश पर लोहिया अस्पताल को 24 घंटे बिजली मुहैया कराई जाएगी। इसके लिए अस्पताल परिसर में उपकेंद्र का निर्माण पूरा होने के बाद मशीनों को लगाने का काम चल रहा है। बेवर रोड भोलेपुर से लोहिया अस्पताल तक 33 हजार लाइन ट्रांसमिशन तक खींच दी गई है। अब सिर्फ कुछ मशीने लगनी बाकी हैं।
यह 10 से 15 दिन में लगाकर लोहिया अस्पताल को 24 घंटे बिजली आपूर्ति देने का काम प्रारंभ होगा। एसडीओ राहुल बाबू कटियार ने बताया कि उपकेंद्र का निर्माण होकर मशीनें और लाइन खींच दी गई है। जनवरी 2015 से अस्पताल को 24 घंटे बिजली मिलना शुरू हो जाएगा।