पांचाल घाट चौराहा पर ट्रक पर गिरा बिजली का खंभा।
- फोटो : पांचाल घाट चौराहा पर ट्रक पर गिरा बिजली का खंभा।
फर्रुखाबाद। चलते ट्रक पर बिजली का खंभा गिरने से बढ़ा हादसा बच गया। पुलिस ने यातायात रोककर बिजली आपूर्ति बंद कराई। लाइनमैनों को बुलाकर खंभे में बंधी हाईमास्ट लाइट और कैमरों को अलग किया। इसके बाद जाम में फंसे वाहन निकल सके।
पांचालघाट चौकी के सामने पूर्व मंत्री स्व: ब्रह्मदत्त द्विवेदी की प्रतिमा लगी है। प्रतिमा के पास एक सीमेंट और लोहे का बिजली का खंभा लगा था। दोनों खंभों को एकसाथ बांधा गया था। खंभों पर पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे और हाईमास्ट लगाई थी। बुधवार दोपहर मेला के चलते वाहनों की कतारें लगी हुई थीं। अचानक बिजली के दोनों खंभे ट्रक पर जा गिरे। ट्रक के दूसरी ओर निकली 11 हजार की बिजली लाइन एक मीटर दूरी पर थी।
गनीमत रही की खंभे ट्रक पर टिक गए। इससे पैदल और निकल रहे दोपहिया वाहन चालकों में भगदड़ मच गई। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने आनन-फानन में वाहनाें को जहां का तहां रोक दिया। यातायात विभाग की क्रेन को बुलवा लिया गया। सूचना पर पहुंची टीएसआई और सिपाहियों ने एक तरफ से वाहनों को निकलवाना शुरू किया। देखते-ही देखते गंगा पुल से लेकर मसेनी चौराहा की ओर लगी आरामशीन तक लगभग एक किलोमीटर में वाहनों की कतार लग गई। पुलिस ने बिजलीघर पर सूचना भेजकर बिजली आपूर्ति बंद कराई।
मौके पर पहुंचे लाइनमैन ने बिजली के खंभों में बंधे कैमरों और हाईमास्ट लाइट को खोला। कटर मंगाकर लोहे के खंभे को नीचे से कटवाया गया। इसके बाद क्रेन में बंधवाकर उन्हें नीचे गिराया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि चौराहे पर लगे जर्जर बिजली के खंभों को बदलवाने के लिए बिजली विभाग से कई बार कहा गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। टीएसआई सतेंद्र सिंह ने बताया कि ट्रक पर गिरे खंभों को हटवाकर किनारे कर दिया गया है। यातायात को सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है।
जाम में फंसी रही एंबुलेंस व स्कूली बच्चे
पांचालघाट चौराहे पर ट्रक पर बिजली का खंभा गिरने के बाद वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। शहर से पुल की ओर जाने वाला रास्ता ही खुला रहा। कैंट क्षेत्र की ओर से आने वाले रास्ते के अलावा मसेनी की ओर से आने वाले हाईवे मार्ग पर वाहन जहां के तहां थम गए। स्कूल की छुट्टी होने के चलते घर लौट रहे स्कूली वाहनों के अलावा, मरीज लेने जा रही एंबुलेंस भी जाम में फंसी रही। करीब 45 मिनट बाद रास्ता साफ होने के बाद ही वाहन निकल सके।