फर्रुखाबाद। शाहजहांपुर जिले के कलान थाना क्षेत्र के सिसैया नगला गांव में सोमवार सुबह खेत के चारों तरफ लगी लोहे की जाली में करंट उतर आने से आठ वर्षीय मासूम प्रशांत की मौत हो गई। उसे बचाने पहुंची मां सोनी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशांत के ताऊ रवेंद्र जाटव ने बताया कि खेत के चारों तरफ जानवरों से बचाव के लिए लगाई गई लोहे की जाली पर बिजली की केबल टूटकर गिर गई थी। जिससे जाली में करंट उतर आया था।
भगवान दास जाटव का मकान खेत के किनारे बना है। सोमवार सुबह उनकी पत्नी सोनी देवी गेट पर लगे हैंडपंप पर कपड़े साफ कर रही थीं। उनका पुत्र प्रशांत खेलते समय खेत के चारों तरफ जानवरों के बचाव के लिए लगी लोहे की जाली के पास पहुंचा और करंट की चपेट में आ गया। प्रशांत को जमीन पर पड़ा देख मां सोनी देवी (30) उसे बचाने के लिए दौड़ीं और खुद भी करंट से चिपक गईं। यह देखकर उनकी बड़ी बेटी प्रांशी ने शोर मचाना शुरू कर दिया। गेहूं की कटाई कर लौट रहे सोनी के जेठ रवेंद्र जाटव ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मां-बेटे को करंट से छुड़ाया। इस दौरान रवेंद्र को भी हल्का करंट लगा। तत्काल दोनों को लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्रशांत को मृत घोषित कर दिया। सोनी देवी की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रशांत चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर का था। बड़ी बहनों प्रांशी, राखी और छोटा भाई सूर्यांश रो-रोकर बेहाल हैं।