मोहम्मदाबाद। इटावा-बरेली हाईवे पर शनिवार देर शाम बस की टक्कर से साइकिल सवार वृद्ध की मौत हो गई। घटना के बाद चालक बस भगा ले गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया।
थाना जहानगंज क्षेत्र के गांव नगला खुरु निवासी बली सिंह (75) साइकिल से पैतृक गांव गाजियांपुर से वापस घर जा रहे थे। इटावा बरेली हाइवे पर कस्बे के बाहर ढाबा के सामने फर्रुखाबाद से आ रही रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। इससे बली सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर एंबुलेंस से उन्हें सीएचसी पहुंचाया गया। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। जेब से मिली डायरी में लिखे मोबाइल नंबर पर पुलिस ने फोन कर भाई को घटना की सूचना दी। भाई कल्याण सिंह व परिजन कोतवाली पहुंचे। कल्याण सिंह ने बताया कि बली सिंह पांच मई को घर से नवाबगंज क्षेत्र के गांव सलेमपुर में भांजे की शादी में गए थे। 7 मई को वहां पैतृक गांव गजियापुर पहुंचे। वहां से वापस घर जा रहे थे। उनकी पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी है। तीन पुत्रों में रामवीर (40), ओमवीर (36) व सुनील (32) हैं। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी ने बताया कि शव मॉचरी में रखवा दिया गया है। पाेस्टमार्टम कराया जाएगा। बस व चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।