कायमगंज। तंबाकू कारोबार में कई वर्षों से हिसाब न देने पर दो भाइयों में विवाद हो गया। इस पर छोटे भाई ने साथियों के साथ बड़े भाई पर हमला कर जान से मारने की नियत से फायर कर दिया। तंबाकू व्यापारी ने भाई व उसके साथियों के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कराया है।
नगर के मोहल्ला गंगा दरवाजा श्यामनगरी निवासी अजय कुमार गुप्ता व प्रवीण कुमार गुप्ता ने गांव प्रेमनगर में कुंवर बहादुर श्रीकृष्ण के नाम से तंबाकू की फर्म खोली थी। यहां पर चूने वाली तंबाकू की पैकिंग की जाती है। आरोप है कि प्रवीण ने तीन वर्ष से बड़े भाई अजय को कोई हिसाब-किताब नहीं दिया। साथ ही नकली पुड़िया पैकिंग कर बाजार में बेच रहे हैं।
छोटे भाई ने लाखों रुपये दबा लिया है। जब अजय ने हिसाब मांगा तो झगड़ा करने पर आमादा हो गए। 14 मई की शाम को अजय विपिन के साथ गोदाम बंद कर घर जा रहे थे, तभी प्रवीण व उसके साथियों ने गली में घेर लिया। गालियां देते हुए कहा आज इसे मार दो, यह कहकर प्रवीण व उसके साथियों ने हमला कर दिया। प्रवीण के साथी गोविंद ने तमंचे से फायर कर दिया। जिससे वे बाल-बाल बच गए। कुछ लोगों ने उन्हें बचाया। इस मामले में अजय कुमार गुप्ता ने छोटे भाई प्रवीण, गोविंद कुमार निवासी अताईपुर व तीन अज्ञात साथियों के खिलाफ जानलेवा हमला करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है।