फर्रुखाबाद। वर्ष 2008-09 में सर्व शिक्षा अभियान से बनवाए गए विद्यालय भवन को गिरवाने की जांच ठंडे बस्ते पर डाल दी गई है। बीएसए ने बीईओ बढ़पुर से 11 अगस्त तक विद्यालय भवन गिराए जाने के संबंध में विस्तृत जांच आख्या मांगी थी, जो 8 दिन गुजर जाने के बाद भी पूरी नहीं हो सकी है।
बढ़पुर के गांव याकूतगंज में वर्ष 2008-09 में सर्व शिक्षा अभियान के धन से पूर्व माध्यमिक विद्यालय का भवन बनवाया गया था। 8 अगस्त 2020 को यह विद्यालय भवन गिरवा दिया गया। 15 साल तक यह भवन शासनादेश के अनुसार नहीं गिरवाया जा सकता था।
अगर भवन में कोई कमी थी तो उसको दूर कराया जाना था। इसके बावजूद शासनादेश को नजरंदाज कर विद्यालय भवन को गिरवा दिया गया। गिरवाने से पूर्व भवन को कंडम घोषित कराने, नीलामी कराने की जो प्रक्रिया अपनाई जानी थी, वह भी नहीं अपनाई गई।
एक अधिकारी ने बीएसए को बिना जानकारी दिए मनमर्जी से विद्यालय भवन को गिरवा दिया। भवन गिरने के बाद जब बीएसए लालजी यादव को जानकारी हुई तो उन्होंने बीईओ बढ़पुर को विद्यालय ध्वस्तीकरण संबंधी विस्तृत जांच आख्या 11 अगस्त तक देने के आदेश 10 अगस्त को दिए थे। मामला एक बड़े अधिकारी से जुड़ा होने से शिक्षा विभाग के अधिकारी जांच टाल रहे हैं। यही कारण है कि आठ दिन गुजर जाने के बाद भी आख्या बीएसए को नहीं दी है।
क्या कहते जिम्मेदार : पूर्व माध्यमिक विद्यालय याकूतगंज के गिराने के मामले की जांच चल रही है। प्रधानाध्यापक से लिखित में जवाब मांगा है। जवाब आने पर आख्या तैयार कर बीएसए को दी जाएगी।
- संजय शुक्ला, बीईओ बढ़पुर