फर्रुखाबाद जनपद में सोमवार को आई कोरोना जांच रिपोर्ट में 14 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इसमें रोडवेज बुकिंग क्लर्क, मनरेगा के दो एपीओ, पुलिस कर्मी भी शामिल हैं। एक व्यक्ति की कोरोना से मौत हो गई है। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 830 पहुंच गई है।
शहर व ग्रामीण क्षेत्र में कोरोना का संक्रमण लगातार तेजी से बढ़ रहा है। सरकारी विभागों में लापरवाही के चलते संक्रमण को बढ़ावा मिल रहा है। डीआरडीए के परियोजना निदेशक राजमणि वर्मा 15 अगस्त को कोरोना पॉजिटिव निकले थे। उसी दिन उन्होंने बंद एसी रूम में एपीओ व टीए के साथ बैठक की। पीडी के संपर्क में आए ब्लाक नवाबगंज के एपीओ(45) व राजेपुर के एपीओ (30)भी संक्रमित हो गए हैं। एंटीजन किट की जांच में ब्लाक कमालगंज के एपीओ की भी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
डीआरडीए के लिपिक के छोटे भाई की पत्नी(45) ने भी विकास भवन में जांच कराई थी। वह भी संक्रमित निकलीं। सिविल कोर्ट के हेड मोहर्रिर (32), फतेहगढ़ के मोहल्ला शांतीनगर निवासी रोडवेज डिपो में बुकिंग क्लर्क (58) भी कोरोना की चपेट में आ गए। रोडवेज कर्मी के पुत्र 12 अगस्त को संक्रमित निकला था।
शहर के मोहल्ला आवास विकास कालोनी निवासी एक ट्रैक्टर कंपनी के एरिया मैनेजर (32), गांव आवाजपुर निवासी व्यक्ति(50), कमालगंज क्षेत्र के गांव अनीभोज निवासी युवक (28), मोहम्मदाबाद क्षेत्र के गांव मदनपुर निवासी युवती(19) व कायमगंज के मोहल्ला चिलांका निवासी किशोरी (15) के भी जांच रिपोर्ट में कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई।
फतेहगढ़ के मोहल्ला नेकपुर चौरासी निवासी कमालगंज ब्लाक के एपीओ की एंटीजन किट से हुई जांच में रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। शाम को एपीओ के संक्रमित होने की पुष्टि कर दी गई। इसके अलावा शहर के मोहल्ला आवास विकास निवासी युवक(37), महरूपुर सहजू निवासी युवक(21) भी संक्रमित निकले। वहीं कायमगंज के मोहल्ला सधवाड़ा निवासी तंबाकू व्यापारी की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वे भी संक्रमित निकले।
वहीं मोहम्मदाबाद क्षेत्र के गांव मदनपुर निवासी कोरोना संक्रमित वृद्ध(82) की सैफई मेडिकल कालेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। इससे जिले में कोरोना संक्रमित मरने वालों की संख्या 17 हो गई। जिले में अब तक कोरोना संक्रमित 830 मरीज निकल चुके हैं। इनमें 463 मरीज ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके, जबकि 116 होम आइसोलेशन पूरा कर चुके हैं। अभी 234 केस एक्टिव हैं।