योगी की गोद में खीर खाई, कन्या सुमंगला का भी लाभ
फर्रुखाबाद। संकिसा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर जन आरोग्य मेले का शुभारंभ करने के बाद मुख्यमंत्री ने दो बेटियों का अन्नप्राशन किया। उन्होंने छह माह की जाह्नवी और रिंकल को गोद में लेकर खीर खिलाई। उन्हें कन्या सुमंगला योजना का लाभ देने के निर्देश दिए। इसके बाद दो गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की।
संकिसा स्थित हेलीपैड पर हेलीकाप्टर से उतरने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। उन्होंने फीता काटकर व दीप प्रज्ज्वलन कर मेले का शुभारंभ किया। इसके बाद बाल विकास विभाग की ओर से आयोजित अन्नप्राशन कार्यक्रम में रेनू की 6 माह की बेटी जाह्नवी और सरिता की बेटी रिंकल को गोद में लेकर खीर खिलाई।
दोनों बेटियों को कन्या सुमंगला योजना का लाभ देने के भी निर्देश दिए। इसके बाद दीपक की गर्भवती पत्नी सुमन और रामबाबू की पत्नी पूनम की गोदभराई की। फिर आयुष्मान योजना के स्टाल पर पहुंचकर डा.अमित मिश्रा व फार्मासिस्ट आशीष शुक्ला से जानकारी ली। उन्होंने सभी स्टाल देखने के साथ अस्पताल का निरीक्षण भी किया।
दौड़ते दिखे आला अधिकारी
पीएचसी से मुख्यमंत्री बौद्ध स्तूप जाने के लिए कार में सवार भी नहीं हो पाए कि आला अधिकारी अपनी कारों की और काफी तेज दौड़ते नजर आए। ताकि मुख्यमंत्री से पहले ही स्तूप पर पहुंच जाएं।
वार्ता कर विवाद का हल निकालें
पीएचसी से मुख्यमंत्री का काफिला सीधे बौद्ध स्तूप पहुंचा। वहां भंते ने पूजा-अर्चना कराई। इस दौरान भंतेगणों ने स्तूप का विकास कराने का प्रस्ताव रखा। इस पर उन्होंने डीएम व एसपी से कहा कि स्तूप पर चल रहे विवाद का वार्ता कर हल निकालें। समस्या का निस्तारण होने के साथ विकास कार्यों के लिए प्रोजेक्ट तैयार कर शासन को भेजें।
सांसद व विधायक स्तूप तक नहीं पहुंच सके
मुख्यमंत्री का काफिला बौद्ध स्तूप की ओर निकला तो कुछ वाहन आगे निकल गए। सांसद मुुकेश राजपूत की कार पीछे से पहुंची। उसी में भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता व सदर विधायक मेजर सुनील दत्त भी थे। गेट पर कड़ा पहरा था।
सुरक्षा कर्मियों ने कार न रोकने का इशारा किया तो सांसद ने चालक से कहा कि आगे ले जाकर वापस कर लो। जब सांसद की कार पुन: गेट पर पहुंची तो वहां तैनात पुलिस कर्मियों ने कहा कि आपकी कार अंदर जाएगी। इस पर सांसद ने सभास्थल पहुंचने में देरी होने की बात कही और सीधे सभास्थल की ओर चले गए। हालांकि बौद्ध स्तूप तक मुख्यमंत्री के साथ भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर मौजूद रहे।