फोटो-15, साहबगंज चौराहे पर जाम में फंसे वाहन। संवाद
फर्रुखाबाद। शहर में ई-रिक्शों में पहले निकलने की होड़ से साहबगंज चौराहे पर जाम लग गया। तैनात सुरक्षा कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद एक घंटे में आवागमन सामान्य कराया। इससे लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
जाम से शहर बदहाल हो रहा है। सोमवार शाम करीब चार बजे साहबगंज चौराहे पर चारों तरफ से आ रहे ई-रिक्शों की लाइनों में पहले निकलने की होड़ लग गई। इसका नतीजा जाम में बदल गया। कुछ ही देर में अंगूरीबाग, घुमना, नाला मछरट्टा और लिंजीगंज की तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। वहां तैनात सुरक्षा कर्मी भी ई-रिक्शा चालकों की मनमानी से मौन रहे।
ऐसे में करीब एक घंटे तक वाहनों के पहिया रुके रहे। जाम में फंसे कुछ सिपाहियों ने पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद एक घंटे में जाम खुलवाया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।