लॉकडाउन अवधि में ऑनलाइन जारी होंगे ई-पास
फर्रुखाबाद। कोरोना संक्रमण को देखते अब लॉकडाउन की अवधि में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति के लिए व्यापारी को प्रशासन से ई-पास जारी कराना होगा। ऑनलाइन ई-पास जारी करने के लिए जिलाधिकारी ने एडीएम व सभी एसडीएम को जिम्मेदारी सौंपी है।
जिले में कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए लॉकडाउन की अवधि बढ़ने के साथ इसका पालन कराने के लिए सख्ती भी की जाएगी। जनपद से बाहर जाने के लिए ई-पास जारी कराना होगा। लॉकडाउन अवधि में लोगों को खाने पीने व आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता की समस्या न आए, इसके लिए गत वर्ष की तरह व्यापारियों को ई-पास जारी किए जाएंगे।
जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने जनपद की सीमा के अंदर ई-पास जारी करने के लिए तहसील सदर में एसडीएम अनिल कुमार, कायमगंज में एसडीएम नरेंद्र सिंह व अमृतपुर में एसडीएम बृजेंद्र कुमार को ई-पास जारी करने के लिए नामित किया है जबकि प्रदेश की सीमा के अंदर आवागमन के लिए एडीएम विवेक श्रीवास्तव ई-पास जारी करेंगे।
आवश्यक वस्तुओं एवं सेवाओं की आपूर्ति के लिए संबंधित को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसका परीक्षण करने के बाद एसडीएम व एडीएम ऑनलाइन ई-पास जारी करेंगे। मोबाइल पर डाउनलोड ई-पास भी मान्य होगा।