फर्रुखाबाद। नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आठ दिन बाद गांव के ही युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। रिपोर्ट दर्ज करवाने के लिए मां किशोरी को लेकर कई दिनों से भटक रही थी। कमालगंज एसओ के निलंबन की जानकारी मिलते ही कोतवाल ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी ग्रामीण की 14 वर्षीय पुत्री 13 मार्च की रात जानवरों को चारा डालने बाहर आई। तभी गांव के एक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। परिजन आ गए तो युवक जान माल की धमकी देकर भाग गया था। परिजनों ने तहरीर दी थी। कोतवाल जसवंत सिंह ने जांच के बाद मुकदमा दर्ज करने का भरोसा देकर परिजनों को चलता कर दिया था। परिजनों ने एसपी से भी गुहार लगाई लेकिन सुनवाई नहीं हुई। शनिवार को रिपोर्ट दर्ज न करने पर कमालगंज थाने में हुए तिहरे हत्याकांड के बाद एसओ अंगद सिंह को निलंबित करने की खबर वायरलेस पर प्रसारित हुई। इसके बाद कोतवाल जसवंत सिंह के आदेश पर किशोरी से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने शैलेश यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल ने बताया कि किशोरी का मेडिकल कराया जाएगा। आरोपी की तलाश में दबिश दी गई पर वह अपने घर में नहीं मिला था।