शमसाबाद। दिल्ली जा रही फर्रुखाबाद डिपो की बस खराब होने पर यात्रियों ने हंगामा किया। यात्रियों का कहना था कि रोडवेज विभाग की लापरवाही के चलते उन लोगों को दिल्ली जाने में देर हो रही है। दूसरी बस से यात्रियों को दिल्ली रवाना किया गया।
बुधवार को रोडवेज बस संख्या यूपी76के-3742 फर्रुखाबाद डिपो से सवारियां भरकर दिल्ली जा रही थी। दोपहर करीब दो बजे गांव उलियापुर के पास अचानक बस खराब हो गई। चालक राजीव कुमार ने बस चालू करने का काफी प्रयास किया। बीच सड़क में बस खराब होने से जाम की स्थिति बनने लगी।
इस पर चालक ने यात्रियों और राहगीरों की मदद से बस को किनारे किया। करीब आधा घंटा तक जब बस ठीक नहीं हुई तो यात्री हंगामा करने लगे। यात्रियों का कहना था कि रोडवेज विभाग को दूसरी बस भेजी जानी चाहिए थी। यात्रियों के हंगामा करने पर चालक ने मामले की जानकारी रोडवेज विभाग के अफसरों को दी।
करीब एक घंटे बाद पहुंची दूसरी बस में बैठकर यात्री दिल्ली के लिए रवाना हुए। चालक राजीव कुमार ने बताया कि इंजन का अल्टीनेटर खराब होने से बस बंद हो गई। समाचार लिखे जाने तक बस उलियापुर में ही खड़ी थी।