कायमगंज शमसाबाद रोड पर आंधी के चलते गिरा पेड़।
- फोटो : कायमगंज शमसाबाद रोड पर आंधी के चलते गिरा पेड़।
फर्रुखाबाद। बुधवार देर शाम आई आंधी व बारिश से शहर से लेकर गांवों तक की बिजली गुल हो गई। जगह-जगह पेड़ टूटकर मुख्यमार्गों पर गिरे। आंधी के चलते आम की फसल को भारी नुकसान होने का अंदेशा है। हालांकि आंधी-बारिश से भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली है।
रात करीब 11.10 बजे अचानक तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। आंधी आने से फर्रुखाबाद-कायमगंज मार्ग पर बरौन, बक्सुरी और रजलामई आदि के आसपास कई जगह पेड़ टूटकर गिरे। इसके साथ ही राजेपुर में क्षेत्र में भी पेड़ व बिजली के पोल कई जगह टूट गए। पेड़ की डालें बिजली की लाइनों पर गिरने से जगह-जगह फाल्ट हुआ। इस वजह से बिजली गुल हो गई। शहर में तो बारिश बंद होने के बाद बिजली ठीक कर चालू कर दी गई, लेकिन राजेपुर, अमृतपुर, शमसाबाद, कंपिल व मोहम्मदाबाद आदि क्षेत्रों में बिजली गुल रही। सूचना के बावजूद रात में कर्मचारी बिजली ठीक करने नहीं पहुंचे। कायमगंज व कमालगंज क्षेत्र में पड़ने वाले आम के बागों में आंधी के चलते आम टूटकर गिरे, जिससे बागवानों को काफी नुकसान हुआ। बागवान राकेश और अनोखेलाल ने बताया कि आंधी के चलते आधे से अधिक आम झड़ गए। बागवान चांद खां ने बताया कि काफी आम टूटकर गिरा है। अब तो सुबह ही पता चलेगा कि कितना नुकसान हुआ। इस बार आम की फसल बेहतर आई थी। सोचा था कि मुनाफा भी अच्छा होगा, लेकिन आंधी ने सब बर्बाद कर दिया। हालांकि आंधी-पानी से गर्मी से लोगों को काफी राहत मिली। बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता अजय कुमार ने बताया कि आंधी से पोल आदि टूटे हैं। कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि बिजली व्यवस्था को ठीक किया जाए।