ट्रैक्टर-डीसीएम की भिड़ंत में चालक की मौत
कमालगंज। कानपुर-फर्रुखाबाद मार्ग पर सीमेंट भरे ट्रैक्टर-ट्राली और डीसीएम की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इसमें डीसीएम चालक की मौत हो गई और हेल्पर घायल हो गया। चालक की मौत पर घर में कोहराम मच गया।
मऊदरवाजा थाने के गांव तुर्कीपुर निवासी अब्दुल रेहान उर्फ टीपू (40) पुत्र अनवर डीसीएम चलाता था। गांव के ही इरसाद का पुत्र अमन (20) हेल्पर है। गुरुवार रात करीब साढ़े 12 बजे बघार नाला पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर एक सीमेंट भरे ट्रैक्टर-ट्राली और डीसीएम की आमने-सामने से टक्कर हो गई।
इस दुर्घटना में डीसीएम का चालक और हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको सीएचसी पहुंचाया गया। यहां से दोनों को रेफर कर दिया गया। सुबह पौने पांच बजे घायलों को लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डाक्टर ने टीपू को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पहुंची पुलिस ने वाहनों को कब्जे में ले लिया है। ट्रैक्टर चालक फरार हो गया। चचेरे भाई मोहम्मद राशिद ने बताया कि टीपू अविवाहित था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। देर शाम घर में शव पहुंचने पर कोहराम मच गया।