फर्रुखाबाद। लोहिया अस्पताल के चतुर्थश्रेणी कर्मचारियों के आवास जर्जर हैं। ग्राउंड फ्लोर के आवासों में नाले का पानी आ जाने से जीन दुश्वार हो गया है। आवासाें में लगीं खिड़कियां टूट गई हैं। सर्द हवाआें से बचने के लिए यह खिड़कियों में पालीथिन लगा कर काम चला रहे हैं। शिकायत के बावजूद अस्पताल प्रशासन सुनवाई नहीं कर रहा है।
लोहिया अस्पताल परिसर में चतुर्थश्रेणी कर्मचारियों के लिए आवास बने हैं। इनकी सालाें से मरम्मत नहीं हुई है। ज्यादातर आवासों का प्लास्टर टूट गया है। आवासों में घास उगी है। ग्राउंड फ्लोर के शौचालय बंद हैं। इससे कर्मचारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
आवासों के बाहर पोलों की लाइट बंद रहती है। रात में ड्यूटी कर घर आते समय कर्मचारियों को डर सताता है। कक्ष संख्या 26-40 में बिजली की समस्या है। यहां तार झूल रहे हैं। ग्राउंड फ्लोर के आवासाें में नाले का पानी अंदर आ जाता है।