फर्रुखाबाद। अंबेडकर कालोनी भोलेपुर के बाशिंदाें ने दीवार बनाकर नाली का पानी रोके जाने के विरोध मेें रास्ता जाम कर दिया। पुलिस के निर्माण कार्य रुकवा दिया और समझा बुझा कर रास्ता खुलवाया।
बुधवार दोपहर अंबेडकर कालोनी भोलेपुर पश्चिम के बाशिंदों ने भीमसेन मार्केट के सामने फर्रुखाबाद-फतेहगढ़ मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। मोहल्ले वालों का कहना था कि मोहल्ले में एक तालाब है। इसमें मोहल्ले का बरसाती तथा नाली का पानी जाता है।
यहां पर छत्रपाल सिंह ने नाली पर दीवार बनाकर पानी की निकासी को बंद कर दिया है। इन्होंने बताया कि सिटी मजिस्ट्रेट से इस मामले की शिकायत की गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। जाम लगने से सड़क के दोनो ओर वाहनो की लंबी-लंबी कतारें लग गईं।
जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची तथा जाम लगाए लोगों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया। कोतवाली प्रभारी रजनेश चौहान मोहल्ले वालों के साथ मौके पर गए। इन्होंने दीवार का निर्माण करा रहे छत्रपाल को कार्य बंद करने के निर्देश दिए।
मोहल्ले वालों ने बंद की गई नाली को खुलवाने की मांग की। सिटी मजिस्ट्रेट शिवबहादुर सिंह ने बताया कि जांच करने पर निर्माण कार्य बिना नक्शा पास कराए होते पाया गया। उन्होंने बताया कि नगर पालिका प्रशासन को अवैध निर्माण कार्य को ध्वस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। इस मौके पर चंदन, शैलेष कुमार, आकाश, हरवंश सिंह, कुंवर सिंह, सुनील कुमार, वीना पाल, गुड्डी, हरिशवाला, अंजना, पुष्पा सिंह, कमला और शिवा आदि मौजूद रहे।