खेती की नई विधियां अपनाकर आय करें दोगुनी
फर्रुखाबाद। प्रदेश सरकार के चार वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में रविवार को सभी ब्लाकों में किसान मेलों का आयोजन किया गया। इसमें विभागों से संबंधित स्टाल लगाकर सरकारी योजनाओं का प्रचार किया गया। वहीं जनप्रतिनिधियों ने सरकार की चार वर्ष की उपलब्धियां गिनाईं।
बढ़पुर ब्लाक का किसान मेला शहर के क्रिश्चियन कालेज मैदान में लगा। जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह व सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने दीप प्रज्ज्वलित कर मेला व प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों को पता है कि खेती कैसे की जाती है। बस उन्हें याद दिलाना है कि पहले कैसे जैविक खेती की जाती थी।
किसान रासायनिक की बजाय जैविक खाद से फसल उगाएं। टिश्यू कल्चर बीज, टपक सिंचाई पद्धति से किसान आय दोगुनी कर सकते हैं। इससे छोटे किसानों को भी अच्छा लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में किसानों को कृषियंत्र, क्रेडिट कार्ड (केसीसी) और लाभार्थी समूह की महिलाओं को प्रमाणपत्र वितरित किए गए।
सदर विधायक सुनील दत्त द्विवेदी व भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता ने सरकार की चार वर्ष की उपलब्धियां गिनाईं। इसके बाद अधिकारियों के साथ मेले में लगे विभागों के स्टाल व विकास प्रदर्शनी देखी। ब्लाक शमसाबाद में लगे किसान मेले में भाजपा सांसद मुकेश राजपूत ने किसानों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
उपकृषि निदेशक राजकुमार मौजूद रहे। ब्लाक राजेपुर में विधायक सुशील शाक्य ने मौजूदगी में किसान मेले का आयोजन हुआ। ब्लाक नवाबगंज में लगे किसान मेला में कायमगंज विधायक अमर सिंह खटीक ने भाजपा सरकार की चार साल की उपलब्धियों की जानकारी दी। जैविक उत्पादों के स्टाल पर मौजूद प्रदीप यादव से उत्पाद से जुड़ी जानकारी ली।
विधायक ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की और बच्चों का अन्नप्राशन कराया। डीपीआरओ शिव शंकर सिंह, बीडीओ कौशल कुमार गुप्ता, कमल भारद्वाज, एडीओ कृषि दशरथ सिंह आदि मौजूद रहे। कृषि उपनिदेशक राजकुमार ने बताया कि सभी ब्लाकों में किसान मेलों का आयोजन कर सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया।