फर्रुखाबाद। पोस्टमार्टम हाउस में दो घंटे बाद भी डॉक्टर के न आने पर मेरापुर व मऊदरवाजा क्षेत्र से आए मृतकों के परिजनों ने हंगामा कर दिया। डीएम से शिकायत करने की चेतावनी दी। इस पर कर्मचारियों ने सीएमओ को अवगत कराया। सीएमओ ने नवाबगंज के डॉक्टर को ड्यूटी पर भेजा। तब कहीं जाकर पांच बजे के बाद पोस्टमार्टम शुरू हो सका।
शनिवार को पोस्टमार्टम हाउस में शमसाबाद के चिकित्साधिकारी धन सिंह की ड्यूटी थी। मेरापुर थाना क्षेत्र से बच्चे रितिक व मऊदरवाजा थाना क्षेत्र से मोहिनी के शव पोस्टमार्टम के लिए आए थे। डॉक्टर के आने का समय दो बजे है लेकिन चार बजे तक नहीं आए। इससे परिजन हंगामा करने लगे। इन लोगों का कहना था कि जब पोस्टमार्टम देर से होगा तो शाम होने के बाद अंतिम संस्कार कैसे करेंगे। इन लोगों ने डीएम से शिकायत करने की चेतावनी दी। इस पर कर्मचारी कन्हैयालाल ने सीएमओ डॉ. वंदना सिंह को जानकारी दी। इस पर सीएमओ ने नवाबगंज के डॉ. सुमित शाक्य को पोस्टमार्टम करने के लिए भेजा। शाम पांच बजे के बाद पोस्टमार्टम शुरू हो सका।