सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का बुधवार को सीएमओ ने निरीक्षण किया। अस्पताल में गंदगी मिलने पर उन्होंने कर्मचारियों को फटकार लगाई। वहीं, अनुपस्थित मिले डॉक्टर सहित तीन कर्मचारियों से स्पष्टीकरण तलब किया है।
सीएचसी नवाबगंज में सीएमओ डॉ. वंदना सिंह ने निरीक्षण के दौरान उपस्थित रजिस्टर देखा। डॉ.गौरव राजपूत दिसंबर 2020 से लगातार अनुपस्थित पाए गए। इसके अलावा डार्क रूम सहायक प्रीती 9 मार्च से, जबकि चीफ फार्मासिस्ट ओमकार मौर्य भी अनुपस्थित पाए गए।
अस्पताल में गंदगी देख सीएमओ ने फार्मासिस्ट विनीत सचान से नाराजगी जताई। सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। सीएमओ ने कहा कि कोरोना टीकाकरण व आयुष्मान योजना के गोल्डन कार्ड बनाने में कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए। अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ दिया जाए।
उन्होंने अस्पताल में टीकाकरण की जानकारी ली। बीपीएम पीयूष पवन दीक्षित आदि मौजूद रहे। सीएमओ डॉ. वंदना सिंह ने बताया कि अनुपस्थित डॉक्टर व तीन कर्मचारियों से स्पष्टीकरण तलब किया गया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।